संतकबीरनगर। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के तत्वावधान में रविवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद परिसर में मछुआ एससी आरक्षण महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया। इस दौरान राजनैतिक आरक्षण को लेकर पुस्तक को विमोचन किया गया।मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मछुआ समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करते हुए राजनैतिक आरक्षण दिया जाए। इसके तहत संसद, राज्यसभा, विधान सभा, विधान परिषद सहित नौकरियों में आरक्षण दिए जाने की जरूरत बताई। कहा कि मछुआ समाज काफी पिछड़ा हुआ है। ऐसे में समाज को आरक्षण देकर उनका अधिकार प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ राजनैतिक दल मछुआ समाज को धोखा देने का कार्य कर रहे हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज के लोग अपने अधिकार के लिए सतर्क रहे और संघर्ष के लिए तैयार रहें। इस दौरान सांसद प्रवीण निषाद, मेंहदावल के विधायक अनिल त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र निषाद, दिवाकर निषाद, जनकनंदनी, जिलाध्यक्ष राम नरेश निषाद, धर्मेंद्र निषाद, इंद्रजीत निषाद आदि मौजूद रहे।