संतकबीरनगर। गर्मी में तापमान बढ़ने के साथ फफूंद संक्रमण (फंगल इंफेक्शन) के रोगी भी बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल के चर्म रोग कक्ष में बृहस्पतिवार को 110 रोगी आए, जिनमें से 60 रोगी फफूंद संक्रमण के रहे।
डॉक्टर ने उपचार के साथ बचाव के उपाय बताए। डॉक्टर ने बताया कि स्टेरॉयड क्रीम से फफूंद संक्रमण त्वचा के ऊपर तो असरदार दिखता है, लेकिन अंदर ही अंदर यह जख्म बढ़ा देती हैं।
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एसबी गौतम ने बताया कि गर्मी में पसीना आने की वजह से लोगों को शुरुआत में खुजली की शिकायत होती है। ऐसे में लोग डॉक्टर से परामर्श के बजाय सीधे मेडिकल स्टोर से खुजली की क्रीम लेकर लगा लेते हैं, जिसमें स्टेरॉयड होता है। क्रीम लगाने तक तो राहत रहती है, लेकिन खत्म होने के आठ से दस दिन के बाद फिर बड़े हिस्से में फैल जाता है।
स्टेरॉयड क्रीम लगाने से उस जगह त्वचा पतली हो जाती है। इससे न सिर्फ खुजली करने पर घाव हो जाता है बल्कि सफेद निशान के अलावा अन्य दाग भी हो जाते हैं। यदि पीड़ित व्यक्ति खुजली करने के बाद बिना हाथ धोए शरीर के किसी अंग को छू लेता है तो वहां भी संक्रमण फैल जाता है। वह बताते हैं कि शुगर रोगियों के घाव देरी से ठीक होते हैं।