संतकबीरनगर। खलीलाबाद-बलरामपुर-बहराइच रेल मार्ग को लेकर प्रशासन भूमि अधिग्रहण में जुटा हुआ है। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र में अब तक 364 किसानों के खाते में भूमि अधिग्रहण के एवज में मुआवजा धनराशि भेजी गई है, जबकि 166 किसानों के अभिलेख अधूरे होने के कारण अब तक मुआवजा की राशि उनके खाते में नहीं जा सकी है। भूमि अध्याप्ति कार्यालय में किसानों के अभिलेखों के सत्यापन में कर्मचारी जुटे हुए हैं। इस बीच बाकी बचे मेंहदावल तहसील के किसानों के मुआवजे की धनराशि भेजे जाने की कार्रवाई तेज हो गई है।
खलीलाबाद से बहराइच तक नई रेल लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी तक रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस मार्ग पर ट्रेन की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। जिसकी वजह से दोबारा नक्शा तैयार हो रहा है। जिले के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के 29 गांवों के किसानों की 75.128 हेक्टेयर जमीन और मेंहदावल तहसील क्षेत्र के 25 गांवों की 66.862 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। इसके लिए कार्य हो रहा है। खलीलाबाद में एचआरपीजी कॉलेज से आगे सरैया गांव के पश्चिम से रेलवे लाइन बनेगी और बघौली होते हुए बखिरा, मेंहदावल, पसाई, खेसरहा से बांसी तक जाएगी। इसमें दो जगह हॉल्ट बखिरा और पसाई में बनेगा। जबकि बघौली, मेंहदावल, खेसरहा और बांसी में स्टेशन होगा।
इन गांवों के किसानों को भेजी गई मुआवजा राशि : जिन गांवों के किसानों को अब तक मुआवजा की राशि उपलब्ध कराई गई है। उनमें खलीलाबाद के कटसरी, झीनखाल, नारीजोत, भगवानपुर, बढ़या बाबू, समदा आदि शामिल है। जल्द ही जिन किसानों के अभिलेख अधूरे हैं, उनका सत्यापन कर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की तैयारी है।