पौली क्षेत्र में उर्वरक की दुकान की जांच करते जिला कृषि अधिकारी-स्रोत कृषि विभाग
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार निर्देश पर मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव के नेतृत्व में टीम ने पौली क्षेत्र में खाद की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान पांच दुकानों की जांच की गई। एक दुकानदार को अभिलेख अपडेट न होने के कारण नोटिस दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पांच दुकानों को चेक किया गया। इसमें मिश्रा खाद्य भंडार मुठहीकला के दुकानदार का अभिलेख अद्यतन नहीं मिला। उन्हें चेतावनी के साथ ही कारण बताओ नोटिस दिया गया है। संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही एनपीके, एसएसपी उर्वरक के कुल छह नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। परिणाम अमानक होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन दुकानों की जांच की गई, उनमें मिश्रा खाद्य भंडार मुठहीकला, एग्री जंक्शन शनिचरा बाज़ार, कसौधन खाद भंडार शनिचरा बाज़ार, मौर्य कृषि सेवा एवं खाद भंडार पारा चौराहा व सिंह खाद भंडार पारा चौराहा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक कुल 27023 एमटी यूरिया की उपलब्धता है। अब तक 23500 एमटी यूरिया का वितरण हो चुका है, जबकि अब भी 3500 एमटी यूरिया अवशेष है। दो से चार दिनों में कोरोमंडल कंपनी की रैक खलीलाबाद में लग जाने पर लगभग 1000 एमटी यूरिया और प्राप्त हो जाएगा।