मंगलवार की सुबह नगर पंचायत हरिहरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा के समीप खेत में दुर्लभ वन्यजीव बारहसिंघा घायलावस्था में मिला। जानकारी होने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंचे पशु विभाग के कर्मचारियों ने इलाज के बाद बारहसिंघा को वन विभाग को सुपुर्द कर दिया।
घायलावस्था में जवाहर नवोदय विद्यालय के पास खेत में तड़पते हुए दुर्लभ वन्यजीव बारहसिंगा पर एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों की नजर पड़ी। मजदूरों ने इस बात की जानकारी भट्ठा संचालक अलाउद्दीन को दी।लोगों के सहयोग से भट्ठा संचालक घायल बारहसिंगा को ईंट भट्ठे पर पेड़ की छाया में ले गए।
उन्होंने इस बात की जानकारी वन विभाग और पशु अस्पताल के जिम्मेदारों को दी।मौके पर पहुंचे नाथनगर पशु चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट पारस नाथ यादव ने बारहसिंगा का इलाज किया और वन विभाग के कर्मचारियों को सौंप दिया। ग्रामीण कमलेश, राजेश, गुलशन, अशफाक, संजय आदि लोगों ने बारहसिंघा को ईंट भट्ठे पर पहुंचाने और इलाज करने में मदद की।
लोगों ने बताया कि सूचना पर पशु विभाग के फार्मासिस्ट अपनी टीम के साथ तुरंत उपचार के लिए मौके पर पहुंच गए लेकिन वन विभाग के जिम्मोदारों ने मौके पर पहुंचने की जहमत नहीं उठाई जिसे लेकर लोगों में आक्रोश भी दिखा। इलाज के बाद बारहसिंघा को मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी राम नरेश के हवाले कर दिया गया। जिसे ग्रामीणों के सहयोग से ठेले के जरिए वन विभाग की नर्सरी पर पहुंचाया गया।