मेंहदावल में बढ़ रहा राप्तीनदी का जलस्तर।संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : KHALILABAD
खतरे के निशान के करीब पहुंचा राप्ती का जलस्तर
राप्ती नदी का जलस्तर 78 मीटर पर पहुंचा, अब स्थिर
विभागीय अधिकारी कटान स्थलों पर कार्य कराने में जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में उछाल आना शुरू हो गया है। मेंहदावल क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी का जलस्तर भी दो दिनों से बढ़ते हुए 74.05 मीटर से बढ़कर 78 मीटर पर पहुंच गया है। विभागीय दावा है कि रविवार की सुबह से नदी का जल बढ़ने की जगह स्थिर हो गया है। कटान वाली जगहों पर विभागीय अधिकारी बाढ़ निरोधक कार्य कराने में जुटे हुए हैं।
करमैनी-बेलौली में राप्ती नदी का जलस्तर दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान समय में राप्ती नदी का जलस्तर 78 मीटर पर पहुंच गया है जो खतरे के निशान 79.50 मीटर से एक मीटर 50 सेंटीमीटर नीचे है। ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारियों का कहना हैं कि शनिवार की सायं चार बजे नदी का जलस्तर जब मापा गया था तो जलस्तर 78.09 मीटर था। रविवार को सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर 78 मीटर रहा। इस प्रकार नौ सेंटीमीटर नदी का जलस्तर घटा है। बांध से नदी कई स्थानों पर सटकर बह रही है। बेलौली, विशुनपुर व नौगो में जलस्तर तटबंध से जहां सटा हुआ है, वहीं, बैकरोलिंग के कारण कटान की स्थिति भी देखी जा रही है। सहायक अभियंता के नेतृत्व में कटान स्थलों पर बाढ़ निरोधक कार्य कराए जा रहे हैं। तटबंध की निगरानी विभागीय कर्मचारी कर रहे हैं। नदी का जलस्तर स्थिर होने से विभागीय लोगों ने राहत की सांस ली हैं। फिर भी तटबंध की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। अवर अभियंता वीरेंद्र यादव का कहना है कि तटबंध से सटकर जलस्तर बहने के बाद भी बांध पर कोई दबाव नहीं है। बाढ़ निरोधक कार्य आवश्यकता अनुसार कराए जा रहे हैं। नदी का जलस्तर स्थिर है। बांध पूरी तरह से सुरक्षित है।