सेमरियावां। उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के सेमरियावां ब्लॉक स्तरीय चुनाव में रविवार को हुए मतदान में राम सूरत ने जीत दर्ज की। वह एक बार फिर अध्यक्ष पद पर काबिज हो गए। राम सूरत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निवर्तमान अध्यक्ष शिव प्रसाद गौतम को 17 मतों से हराकर सातवीं बार ब्लॉक अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड कायम किया।
ब्लॉक स्तरीय चुनाव के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। कुल 203 मतदाताओं में से 197 ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद चुनाव अधिकारी सुशील सिंह और सुनील सिंह की देखरेख में मतगणना कराई गई और परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना में राम सूरत को 90 मत मिले, जबकि शिव प्रसाद गौतम को 73 और राजेश कुमार यादव को 33 मत प्राप्त हुए। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह राम सूरत ने शिव प्रसाद गौतम को 17 मतों से शिकस्त देकर जीत हासिल की। संवाद