फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: बारिश थमी, नहीं सुधरी बिजली आपूर्ति व्यवस्था, पांच सौ गांवों में बिजली गुल

विज्ञापन
मगहर में बिजली सही करते कर्मचारी- संवाद
विज्ञापन
संतकबीरनगर। बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला रविवार को थम गया। सुबह से ही धूप निकली, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि अब भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है। कई जगह बिजली के तार पर पोल गिरने से आपूर्ति बाधित है। करीब पांच सौ गांवों की बिजली आपूर्ति अब भी ठप पड़ी है। इस बीच विद्युत निगम के अधिकारी व कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।
विज्ञापन


लगातार हुई बारिश से जहां लोग परेशानी झेल रहे थे वहीं शनिवार को अर्नव चक्रवात के चलते मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान कई जगह पेड़ गिर गए। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। शहर के औद्योगिक क्षेत्र, छोटी सरौली, गोरखल, बरदहिया बाजार सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रहीं। हालांकि शहर में रविवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। मगहर कताई मिल फीडर से जुड़े गड़सरपार, धवरिया, लक्ष्मीपुर निचौरा, नहसापार, केरमुआमाफी, चकदही, धरैची, दुबौली में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। कर्मियों का कहना है कि कई जगह पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित है। आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के निवासी रविंद्र यादव, मो. ताहिर आदि ने बताया कि आंधी-पानी के चलते आपूर्ति ठप है, जिससे काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।






कई स्थानों पर एलटी लाइन पर गिरे पेड़, तार टूटने और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने आपूर्ति ठप

सेमरियावां। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण शुक्रवार रात से बाधित करखाखान विद्युत उपकेंद्र से संबंधित बिजली आपूर्ति व्यवस्था रविवार देर शाम तक पूरी बहाल नहीं हो सकी है। तेज हवा और बारिश के दौरान कई स्थानों पर मुख्य एलटी लाइन पर पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटकर नीचे आने और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित है।
विज्ञापन

बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने के लिए कर्मचारी रविवार सुबह से ही अलग-अलग क्षेत्रों में जुटे रहे। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट तलाशे और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत शुरू की। बीएमसीटी मार्ग समेत कई स्थानों पर मुख्य बिजली लाइन पर गिरे पेड़ों को हटाकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया।
कई स्थानों पर पेड़ हटाने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी गई, लेकिन कुछ फीडरों में तकनीकी खराबी के चलते रविवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। कर्मचारियों ने बताया कि फाल्ट को दूर करने का कार्य लगातार जारी है। जल्द ही शेष क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बिजली उपकेंद्र करमाखान के अवर अभियंता इंद्रेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कई फीडरों की बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी। जहां पर पोल गिरे वहां पर सोमवार को बिजली सप्लाई शुरू होगी। लाइनमैन बिजली सप्लाई बहाल करने में जुटे हैं।






तेज हवा-बारिश से बिजली के तारों पर गिरे पेड़, 38 घंटे बाद बहाल हुई आपूर्ति

मगहर। नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार से लगातार चल रही तेज हवा और बारिश के कारण नेशनल हाईवे स्थित हनुमान मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार पर पेड़ व कई जगहों पर बिजली के तारों पर गिरे पेड़ों की वजह से रविवार को शाम लगभग पांच बजे तक नगर में बिजली बाधित रही। शाम पांच बजे के बाद बिजली सप्लाई शुरू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।


बिजली न रहने से कस्बे में पेयजल संकट के साथ ही कारोबारी गतिविधियां और रोजमर्रा के काम पूरी तरह से प्रभावित रहे। हालांकि बारिश के कारण मौसम में ठंडक रहने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली।रविवार को मौसम साफ होने और पूर्व में लगातार हो रही बारिश थमने पर बिजली कर्मचारी धर्मेंद्र गुप्ता, राजेश कुमार, शाकिर नूरी और अखिलेश यादव बिजली बहाली करने में लगे रहे। नगर पंचायत की हाइड्रा मशीन से पेड़ की डाल हटाकर फॉल्ट को दुरुस्त किया गया। जिसके बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी।





अर्नब तूफान से लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति व्यवस्था

लोहरैया। अर्नब तूफान के असर से धनघटा तहसील क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था तीन दिन से लड़खड़ाई हुई है। तेज हवा के चलते जगह-जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए हैं, जबकि कई स्थानों पर विद्युत खंभे टूटकर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


धनघटा तहसील परिसर में एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। इससे तार टूटकर जमीन तक लटक गया। नगर पंचायत हैंसर-धनघटा की टीम पेड़ को काटकर हटाने में जुटी है। पेड़ हटने के बाद विद्युत निगम के कर्मचारी तार को दोबारा जोड़ने में जुटे हुए हैं। जिससे आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। शनिचरा बाजार में 11000 वोल्ट की लाइन भी टूट कर जमीन पर आ गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की रोजमर्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोचरी उपकेंद्र पर भी बिजली आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है। लोगों ने विद्युत निगम से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।







मेंहदावल शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में चार दिनों से अंधेरा



मेंहदावल। बुधवार की देर रात से रविवार को सायं चार बजे तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। जिसके कारण शहर से लेकर गांव तक विद्युत उपभोक्ता परेशान हैं। इसकी शिकायत विधायक तक भी पहुंचा। विधायक ने मुख्य अभियंता से शिकायत दर्ज करने के साथ सायं सात बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने की हिदायत दी।



बुधवार की रात से बारिश के साथ ही तेज हवा चलने के कारण कई स्थानों पर विद्युत तार व पोल पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा गई है। शुक्रवार को महज चार घंटे विद्युत आपूर्ति किसी तरह बहाल हो पाई। उसके बाद फिर बिजली गुल हुई और अब तक बहाल नहीं हो पाई है। इससे लोगों के घरों में अंधेरा छाया हुआ है। पानी की टंकियां खाली हो गई है। स्थिति यह है कि शहर से लेकर गांव तक अंधेरा फैला हुआ है। विद्युत उपभोक्ता हेमंत पाठक, मनोज कुमार अग्रहरी, रामसमुझ यादव, दिवाकर सिंह, विवेक सिंह, विशाल सिंह, दीनदयाल गुप्ता, पवन गुप्ता आदि लोगों का कहना है कि चार दिनों से मेंहदावल नगर पंचायत में अंधेरा छाया हुआ है। यही हाल ग्रामीण क्षेत्र का भी है, अब तक आपूर्ति बहाल करने में विद्युत निगम फेल नजर आ रहा है।







चक्रवात और तेज बारिश के चलते कई जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए हैं, जिसके कारण समस्या आई है। कर्मचारियों को आपूर्ति बहाल करने के लिए लगाया गया है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
विज्ञापन




राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें