संतकबीरनगर। शहर के मोतीनगर मोहल्ले के लोग बरसात के मौसम में जल्रभराव की समस्या से जूझते हैं। कारण यह है कि यहां जल निकासी की म़ुकम्मल व्यवस्था नहीं हो सकी है। कहीं सड़क और नाली के स्तर में समानता न होने से जल निकासी नहीं हो पाती है, तो कहीं नालियां ही जाम पड़ी हैं। यह समस्या पूरे बरसात के मौसम में बनी रहती है, जिसकी वजह से बच्चों और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां के लोगों को अब शहर की सरकार से उम्मीद लगी है।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के वार्ड संख्या-13 मोतीनगर की आबादी करीब तीन हजार है। मीट मंडी से लेकर बंजरिया पूर्वी तक सड़क बनी है, लेकिन बीच में करीब 50 मीटर सड़क टूटी हुई है। नालियों की स्थिति यह है कि मुख्य मार्ग के किनारे नालियां जाम पड़ी है। जिससे अक्सर नालियों का पानी सड़क पर बहता है। मोहल्ले में कई जगह नई कालोनियां बसी हैं। यहां सड़क बना दी गई है, लेकिन इस बात का ध्यान नहीं रखा गया कि जल निकासी कैसे होगी। जहां जगह खाली है, वहां बरसात के मौसम में पानी भर जाता है, जिससे मोहल्ले के लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। खासकर बच्चों को स्कूल पहुंचाने और वापस लाने के दौरान जल भराव से होकर गुजरना पड़ता है। यही नहीं जरूरी काम से घर से निकलने वाले खासे परेशान होते हैं, लेकिन अब तक जल निकासी की व्यवस्था के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
00000000000000000000000000000000000000000
जलभराव से मिले निजात, शहर की सरकार से है उम्मीद
मोतीनगर मोहल्ले में जलभराव की समस्या से निजात की आस लोगों को हैं। इसके लिए लोगों की निगाह शहर की सरकार से लगी हुई है। हालांकि अभी पालिका बोर्ड की बैठक नहीं हुई है, फिर भी लोगों को उम्मीद है कि इस बार जलभराव की समस्या से राहत के लिए कदम उठाए जाएंगे।
00000000000000000000000000
मोतीनगर मोहल्ले में जलभराव की समस्या पुरानी है। बरसात के मौसम में मोहल्ले में आना-जाना मुश्किल हो जाता है। उम्मीद है कि बरसात से पूर्व जल निकासी के लिए कदम उठाए जाएंगे।
-ताहिर, मोहल्लसवासी
000000000000000000000000000000000
मोहल्ले में जाने वाली सड़क के दोनों तरफ कई स्थानों पर खाली जमीन है। यह जमीन काफी नीची है। बारिश होने पर यहां भारी जलभराव हो जाता है, जिससे आने-जाने में परेेशानी उठानी पड़ती है।
-मनौव्वर, मोहल्लावासी
00000000000000000000000
जल निकासी के लिए कदम नहीं उठाए गए तो इस बार भी बरसात के मौसम में परेशानी उठानी पड़ेगी। ऐसे में नए बोर्ड से उम्मीद है कि यहां की समस्या दूर होगी।
-सोनू, मोहल्लावासी
000000000000000000000000000000000000000
बोर्ड की पहली बैठक में उठाएंगे मुद्दा
नगर पालिका परिषद बोर्ड की पहली बैठक में जल भराव की समस्या के निदान के लिए मुद्दा उठाएंगे। पूरा प्रयास करेंगे कि बरसात से पूर्व जल निकासी के लिए कार्य करा दिए जाए।
-मो. असलम, सभासद
000000000000000000000000000000000000000000
मोतीनगर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की समस्या का निदान कराना प्राथमिकता है। बोर्ड की बैठक में इसके लिए प्रस्ताव लाया जाएगा और जल्द ही जल भराव की समस्या दूर कराई जाएगी।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका, खलीलाबाद