पौली/रोसया बाजार। राम जानकी मार्ग पौली चौराहे पर सड़कों के किनारे बनाया गया नाला दुकानदारों के लिए मुसीबत बन गया है। बारिश होते ही नाले में पानी भर जाता है। पानी निकलने की समुचित व्यवस्था न होने से सड़कों के किनारे जलभराव हो जाता है। साथ ही कही कही दुकानों में भी पानी भर जा रहा है। जिससे दुकानदारों को दुकान बंद करना पड़ जाता है।
दुकानदार जितेंद्र कुमार, योगेंद्र कुमार, अमज़द खान, ताबिश खान, गोरखनाथ, रिजवान अहमद, इरशाद अहमद, जियालाल आदि का कहना है कि विभाग द्वारा नाला तो बना दिया गया, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था अभी तक नही हो पाई है। जिससे सड़क के किनारे जलभराव की समस्या बनी रहती है। दुकानदारी पूरी तरह चौपट हो जा रही है। यही हालात रहे तो पानी अधिक समय तक जमा रहने से दुर्गंध और संक्रामक बीमारी फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है। दुकानदारों एवं मकान मालिकों ने नाला निर्माण अधिकारियों का ध्यान केंद्रित कर आला अधिकारियों से जल निकासी की समस्या का समाधान निकालने की अपील की है।