संतकबीरनगर। सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन सतीश कुमार के निर्देशन में दीपावली पर्व के को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान भुजैनी के पास स्थित एक कारखाने से पनीर का सैंपल लिया गया। साथ ही दो लाख की खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिली की एक पिकअप से हरियाणा से पनीर लाया गया है, जिसे बंजरिया के पास से पकड़ा गया।
साथ ही भुजैनी स्थित पनीर के कारखाने पर छापा मारा गया। जहां से पनीर का एक नमूना, एक मिल्क पाउडर का नमूना, रिफाइंड तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया। वहीं पांच क्विंटल मिल्क पाउडर सीज किया गया, जिसकी कीमत एक लाख 54 हजार और 175 लीटर रिफाइंड तेल सीज किया गया। जिसकी कीमत 22000 रुपये आंकी गई है।
पिकअप से बरामद लगभग एक क्विंटल पनीर जिसकी कीमत 26,000 रुपये है, उसे नष्ट कराया गया। बताया कि पनीर 27 अक्तूबर को हरियाणा से चला था। जिसकी वजह से देखने में वह पूरी तरह से खराब लग रहा था।
इसमें रिफाइंड मिला था। भुजैनी स्थित कारखाने को अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कराया गया। पनीर पूरी तरह से मिलावटी था। इस तरह से कुल चार सैंपल संग्रहित किए गए। जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में आए दिन खाद्य विभाग छापा मारा रही है। जहां जरूरत पड़ रहा है, वहां खाद्या पदार्थ नष्ट किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।