बेलहर। विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत कैथवलिया में पंचायत सदस्यों की मृत्यु के बाद नए सदस्यों की नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि सदस्यों की मौत के लगभग दो वर्ष बाद तक न तो उपचुनाव की कोई जानकारी ग्रामीणों को दी गई और न ही पारदर्शी तरीके से नए सदस्यों की नियुक्ति हुई। इसके बावजूद ग्राम पंचायत में विकास कार्य लगातार कराए जाते रहे।
ग्राम पंचायत कैथवलिया निवासी झकरी पुत्र जगली ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री के नाम शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। झकरी ने बताया कि ग्राम पंचायत के सदस्य वदीउज्जमा पुत्र फते मोहम्मद, विजय प्रकाश पुत्र नन्दलाल तथा अकबाल पुत्र बरखुलाह की मृत्यु लगभग दो वर्ष पूर्व हो चुकी है। इसके बावजूद बिना उपचुनाव कराए और बिना ग्रामीणों को जानकारी दिए पंचायत कार्य किए जाते रहे। ग्रामीण का आरोप है कि यदि नए सदस्यों की नियुक्ति या उपचुनाव हुआ है तो इसकी सूचना न तो गांव में दी गई और न ही किसी को इसकी जानकारी है। ऐसे में यह संदेह पैदा होता है कि पंचायत के विकास कार्य नियमों के विपरीत किए गए हैं।
पीड़ित ग्रामीण ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर कार्रवाई की मांग की है।