मगहर में निकले अजगर को पकड़कर बोरे में भरता युवक।
मोहनलापुर मोहल्ला का मामला, वन विभाग के हवाले किया
मगहर। कस्बे के कुछ साहसी युवकों ने अजगर को पकड़ कर वन विभाग के हवाले कर दिया। बृहस्पतिवार की देर रात मोहनलापुर मोहल्ला निवासी अवधेश श्रीवास्तव के हाते में अजगर दिखा। इसे लेकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। शुक्रवार को सांप के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
नगर पंचायत मगहर के मोहनलालपुर मोहल्ले में बृहस्पतिवार की देर शाम अजगर के दिखने की सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई थी। अजगर अवधेश श्रीवास्तव के हाते की चहारदीवारी पर बैठा था। उसे रात में ही पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार की सुबह सभासद अवधेश सिंह नगर पंचायत की कमेटी को लेकर नगर पंचायत के चालक अशोक सिंह के साथ हाते में झाड़-झंझाड़ को साफ कराने में जुट गए। इसी दौरान अजगर दिखा और लोगों ने उस पर नजर रखने के साथ ही वन विभाग व पुलिस को भी सूचना दी।
इस दौरान भारी भीड़ जुट गई। विभाग के आने में देरी और सांप को भागता देख मौके पर मौजूद साहसी युवक प्रदीप निषाद, ध्रुप निषाद, अमर निषाद और रोहित निषाद आगे आए और सांप को हाते से बाहर निकाल कर सड़क पर ले आए। इस दौरान काफी प्रयास के बाद सांप को बोरे में बंद करने में युवक सफल हुए। सूचना के कुछ देर बाद इंतजार के बाद पहुंचे सांप को वन विभाग के कर्मचारियों के हवाले कर दिया गया।