- शुक्रवार की रात सरकारी आवास में बेड पर मिला शव
- दिल्ली के जनकपुरी के रहने वाले
- आवास में अकेले रहते थे, वर्ष 2017 से थी तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पीडब्लूडी विभाग में तैनात अवर अभियंता की शुक्रवार की रात सरकारी आवास में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सरकारी आवास के कमरे में पाया गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस मामले की तफ्तीश में भी जुट गई है।
शहर के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के दफ्तर के सामने ही सरकारी आवास बना है। पीडब्लूडी में जेई भूपेंद्र सिंह कश्यप (45) वर्ष निवासी जनकपुरी नई दिल्ली अकेले ही रहते थे। वह जिले में वर्ष 2017 से तैनात थे। शुक्रवार की रात उनका दरवाजा न खुलने पर आसपास के लोगों ने मामले की सूचना नई दिल्ली स्थित उनकी मां को दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने के बाद दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर जाने के बाद कमरे में उनका आधा शरीर बेड तो आधा नीचे लटका थे, जिसके बाद लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करके पोस्टमार्टम के लिए बगल स्थित मोर्चरी पर भिजवा दिया। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पीडब्लूडी के जेई का शव पाया गया है। जिसे कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। परिजन मामले में यदि कोई तहरीर देेते हैं तो उसकी जांच कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो माह पहले मायके चली गई थी बहू...रहती तो ऐसा नहीं होता
जेई भूपेंद्र सिंह की मां मधुबाला ने बताया कि बहू दो माह पहले ही मायके चली गई थी, अगर वह रहती तो यह घटना नहीं होती। बताया कि चार माह पहले उनके नाती की मौत बीमारी से हो गई थी, जिससे बेटा काफी परेशान रहता था। बेटे की मौत से मां बेसुध थीं।