नोटबंदी के बाद कैश के लिए परेशान हो रहे उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्र में अब काफी हद तक राहत मिल गई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह से नहीं सुधरी है। शुक्रवार को पूर्वांचल बैंक की शाखाएं बिना कैश के खुलीं। कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा जो कैश जमा किया गया, उसी से रकम चाहने वालों को भुगतान किया गया। वहीं ग्रामीणों क्षेत्रों के अधिकांश एटीएम अभी भी बंद हैं। स्थिति यह है कि जिले के 28 एटीएम में से 18 एटीएम बंद रहे, इसमें दो एटीएम खलीलाबाद शहर के हैं।
नोटबंदी हुए दो माह से अधिक समय बीत चुके हैं। शहर के भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, कृषि शाखा, विकास भवन शाखा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक आफ इंडिया, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, यूनियन बैंक, बैंक आफ इंडिया, एक्सिस बैंक आदि की शाखाओं पर लेनदेन हुआ। लेकिन पूर्वांचल बैैक की शाखाओं पर कैश नहीं था, ग्राहकों ने जो कैश जमा किया, उससे ही भुगतान हो सका। एसबीआई बेलहरकलां शाखा पर दूसरे दिन भी कैश नहीं पहुंचा, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। शाखा प्रबंधक विशाल त्रिपाठी ने बताया कि कैश नहीं मिला, जिसके कारण दिक्कत है। कैश की डिमांड की गई है, जैसे ही कैश मिलेगा भुगतान दे दिया जाएगा। दूसरी तरफ अभी भी एटीएम पूरी तरह से नहीं चल रहे हैं।
स्थिति यह है कि ग्रामीण क्षेत्र के एटीएम बंद रहे तो शहर के स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का एक एटीएम व यूको बैंक का एटीएम बंद रहा। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर कैश निकालने पहुंचे दिलीप कुमार ने बताया कि एक एटीएम बंद है। इसलिए दूसरे एटीएम पर लाइन में खड़ा होना पड़ा। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक बृज मोहनी द्विवेदी ने बताया पूर्वांचल बैंक की शाखाओं को जो कैश मिला था, वह खत्म हो गया है। ग्राहकों ने जो कैश जमा किया, उससे कुछ लोगों को भुगतान दिया है। कैश की डिमांड की गई है, जल्द ही कैश मिलने की उम्मीद है।