पूर्वांचल बैक की शाखाओं को शुक्रवार को कैश मिला। लेकिन कई शाखाओं में दोपहर एक बजे तक कैश न पहुंचे से उपभोक्ताओं का रकम नहीं मिल सकी। वहीं मेंहदावल में केबल कटने से एसबीआई की शाखा में लेनदेन प्रभावित रहा, जबकि जिले के 28 एटीएम में से 20 बंद रहे।
खलीलाबाद स्थित एसबीआई मुख्य शाखा का एक एटीएम, एसबीआई कृषि शाखा और एसबीआई विकास भवन की शाखा का एटीएम बंद रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम अभी भी सुचारु रूप से काम नहीं कर रहे हैं। पूर्वांचल बैंक की शाखा विश्वनाथपुर में सुबह से ग्राहक रकम लेने के लिए पहुंचे हुए थे, लेकिन दोपहर एक बजे तक कैश नहीं पहुंचा था। उपभोक्ता अंकुर, मदन, घनश्याम पांडेय, मिंटू आदि ने बताया कि तीन दिनों से कैश नहीं होने से समस्या है।
कैश न होने की सूचना से क्षेत्र के बेेलवा, मथुरापुर, बरडाड़ा गांव की तमाम महिलाएं घर लौट गई। पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी ने बताया कि गुरुवार शाम को साढ़े तीन करोड़ रुपये कैश मिला है। पांच लाख के हिसाब से शाखाओं को शुक्रवार को पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे के बाद भेजवाया है। यह सही है कि कुछ शाखाओं पर दोपहर बाद कैश पहुंचा है, जिसकी वजह से कुछ दिक्कत रही है। मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में स्थित एसबीआई की शाखा पर भी खाताधारक सुबह से ही पैसे की निकासी के लिए पहुंच गए थे।
बैंक खुलने के बाद जब बैंककर्मियों ने जब कंप्यूटर खोला, तो पता चला कि इंटरनेट सेवा बाधित है। इसके बाद शाखा प्रबंधक प्रेमालाल ने इंटरनेट की सेवा बहाल करने के लिए बीएसएनएल के अधिकारियों से संपर्क किया तो पता चला कि कसबे के चौक बाजार में नगर पंचायत प्रशासन के जरिए सीवेज पाइप डालने के लिए खुदाई का काम किया जा रहा है। खुदाई में ही एसबीआई की सीयूजी डाटा-केबल कट गया है।
शाम तक यह गड़बड़ी दूर नहीं हो पायी थी। बीएसएनएल के एसडीओ प्रशांतदीप सिंह ने बताया कि नगर पंचायत के चौक बाजार में सीवरेज पाइपलाइन डालने के लिए हुई खुदाई में एसबीआई सीयूजी डाटा-केबल कट गया है। इसे ढूंढने में कर्मी लगे हैं। कटान स्थल का पता लगने के बाद इसको जोड़ा जाएगा। इसके बाद बैंक पर इंटरनेट सेवा बहाल हो जाएगी।