बस्ती के एक बदमाश से पांच हजार में आरोपी ने खरीदा था कट्टा
- बगैर अनुमति आर्केस्ट्रा का आयोजन और कट्टा घटना का बना कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के अशरफपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात आर्केस्ट्रा के दौरान कट्टे से किए गए फायर ने पांच बच्चों के जान का जोखिम बन गया। आरोपी ने पांच हजार रुपये में बस्ती के एक बदमाश से कट्टा खरीदा था। वहीं घायलों में चार बच्चें तो ठीक है, लेकिन एक बच्ची अभी भी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी से जंग लड़ रही है। छठियार (बच्चे के जन्म पर होने वाला कार्यक्रम) में आर्केस्ट्रा का आयोजन किए जाने पर लोग तरह-तरह का सवाल खड़ा कर रहे।
अशरफपुर गांव निवासी रामचंदर ने अपने पुत्र पर छठियार का आयोजन किया था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा के दौरान अशरफपुर निवासी नकुल यादव भीड़ में हाथ में तमंचा लेकर लहराता रहा और उसके बाद फायर किया। जिससे ननिहाल आए आठ वर्षीय पियांशु उर्फ राजन पुत्र गौरीशंकर, 12 वर्षीय सत्यमा पुत्री चुन्नीलाल, छह वर्षीय रागिनि पुत्री विनोद, आठ वर्षीय अर्चना पुत्री अमरदीप और छह वर्षीय आयुष पुत्र अमरदीप को छर्रे लगे। अर्चना और आयुष को गंभीर चोट आने से डॉक्टरों ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। जबकि तीन अन्य का प्राथमिक इलाज सीएचसी मलौली में करके घर भेजा गया।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि आयुष भी मेडिकल कॉलेज से घर आ गया है। जबकि अर्चना के फेफड़े में गोली लगी और बाहर निकल गई। जिसकी वजह से अभी उसका इलाज चल रहा है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी नकुल ने बताया कि कट्टा पांच साल पहले बस्ती जिले के एक अपराधी से पांच हजार रुपये में खरीदा था। अपराधी इस समय जेल में है। आरोपी नकुल को भी जेल भेज दिया गया। इस घटना की जांच सीओ को दी गई है।