मेंहदावल। नगर पंचायत में कूड़ा निस्तारण केंद्र पर ताला लटक रहा है। ऐसे में नगर से निकलने वाला कूड़ा-करकट मलिन बस्तियों में खाली पड़ी जमीनों में फेंका जा रहा है। इससे उठ रही दुर्गंध से लोग परेशान हैं। बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, जिससे यहां के लोगों की परेेेशानी और बढ़ सकती है। मेंहदावल नगर पंचायत के सोनबरसा वार्ड में लाखों रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कराया गया है। निर्माण पूरा होने तथा विद्युत कनेक्शन होने के बावजूद अभी तक कूड़ा निस्तारण केंद्र पर ताला लटक रहा है। नतीजा यह है कि कस्बे से निकलने वाले कूड़े को कुसफरवा वार्ड के मलिन बस्ती में डाला गया है, जिसके कारण अगल बगल के लोग कूड़े से उठ रही दुर्गंध से परेशान हैं।
वहीं नायकटोला से बीएमसिटी वाली जोड़ने सड़क के किनारे पश्चिम टोला में कूड़ा फैला हुआ है। इससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। कूड़ा का निस्तारण न होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है, जबकि नगर पंचायत प्रशासन आंख मूंदे हुए हैं। मुहल्ले के निवासी वीरेंद्र कुमार, जीतेंद्र, रविंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, महेश निषाद, राजू अग्रहरि, ओमप्रकाश अग्रहरि, सुरेंद्र कुमार अग्रहरि, अनुराग शर्मा आदि लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से नगर पंचायत प्रशासन ने कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कराया है, लेकिन केंद्र पर ताला लटक रहा है।
ऐसे में नगर से निकलने वाले प्रतिदिन करीब 20 टाली कूड़ा को खाली जमीनों गिराया जा रहा है। इससे परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
00000000000000000000000000000000000000
ट्रांसफाॅर्मर लगते ही शुरू हो जाएगा कूड़ा निस्तारण केंद्र कूड़ा निस्तारण केंद्र पर जो कर्मचारी तैनात किए गए हैं उनका प्रशिक्षण कार्य पूरा हो गया है। विद्युत कनेक्शन भी जुड़ गया है। केवल ट्रांसफाॅर्मर लगने का कार्य शेष है। इसके लिए विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा गया है। इसी माह में ट्रांसफाॅर्मर लगाने का आश्वासन दिया गया है। ट्रांसफाॅर्मर लगते हैं कूड़ा निस्तारण केंद्र शुरू हो जाएगा। इससे समस्या का निदान हो जाएगा।
-संदीप कुमार सरोज, ईओ, मेंहदावल