संतकबीरनगर। जिले के 24 स्वास्थ्य उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें त्वचा रोग, शुगर, सांस की तकलीफ, पेट दर्द, खांसी, बुखार आदि से पीड़ित मरीज इलाज कराने पहुंचे। मेले में चिकित्सकों ने मरीजाें की जांच और परामर्श के साथ ही दवा दी। साथ ही फिर दिखाने के लिए बुलाया। इसके साथ ही चार मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जनपद के 24 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर आयाेजित स्वास्थ्य मेले में 1200 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इसमें सांस की तकलीफ के 104, उदर रोग के 109, शुगर के 105, त्वचा रोग के 190 मरीज शामिल रहे। इनमें से कई को ब्लड जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में सबसे ज्यादा बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, खांसी व त्वचा रोग की समस्या को लेकर मरीज पहुंचे। लोगों ने चिकित्सकों को दिखाकर दवा ली।
शिविर में आईं शकुंतला देवी, मीरा देवी आदि ने बताया कि कई दिनों से बुखार है। शिविर में दिखाने आए थे। चिकित्सक ने देखा और दवा दी तथा तीन दिन बार फिर बुलाया है। तीन बजे तक चले मेले में कुल 72 मरीजों ने इलाज कराया। डॉ. श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि 72 मरीजों की जांच कर दवा दी गई है।
इस मौके पर सुनीता ओझा, फार्मासिस्ट मनोज मिश्र आदि मौजूद रहे। इसी तरह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोसया बाजार में भी आरोग्य मेला लगा। यहां 45 मरीजों ने इलाज कराया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी रमेश सोनकर, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौर्य, शरद वर्मा, सौरभ यादव आदि मौजूद रहे।
000000000000000000
मगहर में 58 मरीजों के स्वास्थ्य की हुई जांच
मगहर। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मगहर में रविवार को चिकित्साधिकारी डाॅ. अबु सूफियान खान की देखरेख में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 58 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही 26 लोगों के विभिन्न प्रकार की खून की जांच की गई। मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह के साथ ही निःशुल्क दवाएं भी दी गई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. अबु सुफियान खान ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 58 मरीजों की जांच की गयी। इस दौरान बुखार, खांसी, ब्लड प्रेशर, विभिन्न प्रकार के ब्लड, शुगर आदि के मरीज आए। जांच के बाद निःशुल्क दवाएं दी गई। उन्होंने बताया कि इस समय वायरल फीवर, खांसी, सर्दी- जुकाम,खुजली, शुगर, फोड़े फुंसी आदि सहित विभिन्न प्रकार के मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं।
इस दौरान शालिनी पांडेय, लैब टेक्नीशियन शिवनंदन, आशा यादव, ललिता, नमिता, हरिकेश, आनंद कुमार, सुनील आदि मौजूद रहे।