बारिश ने दी गर्मी से राहत, जलभराव से परेशानी
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शुक्रवार की आधी रात के बाद खलीलाबाद शहर समेत पूरे जिले में कहीं तेज तो कहीं हल्की बरसात हुई। शनिवार को भी दिनभर बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा। मानसून की पहली बरसात ने गर्मी से परेशान लोगों को जहां राहत दी, वहीं खेतों में भी नमी आ गई। पारा भी नीचे गिर गया है। ऐसे में किसान खरीफ की बुआई के लिए खेत तैयार करने में जुट गए हैं। बारिश के कारण शहर में जलभराव हो गया है। सड़कें कीचड़ से सन गई हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों में भीषण गर्मी के चलते लोग परेशान थे। शुक्रवार को आधी रात के बाद अचानक मौसम बदला और कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है और तापमान भी नीचे आ गया है। बारिश से सबसे ज्यादा खुश किसान हैं। बारिश न होने से किसान बेहन डालने से लेकर खेत तैयार करने के लिए परेशान थे, लेकिन बारिश होने के साथ ही किसान जहां बेहन डालने में जुट गए हैं, वहीं खेतों को तैयार करने के लिए जुताई शुरू कर दी है। किसानों का कहना है कि खेतों में बारिश के चलते नमी हो गई है। किसान राधेश्याम ने कहा कि बारिश का कई दिनों से इंतजार था। निजी नलकूपों से बेहन डालने और बेहन की समय-समय पर पानी देने में निजी नलकूपों का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा था। इससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था। दूसरी तरफ पहली बारिश से ही खलीलाबाद शहर के विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया है। जिला चिकित्सालय गेट के सामने, सीएमओ कार्यालय के सामने, विधियानी मोड़, तितौवा आदि क्षेत्रों में जलभराव है। जहां पर सड़कें टूट गई है वहां गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क और गड्डे का पता नहीं चल पा रहा है। इसके कारण आने-जाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगर पालिका प्रशासन ने शहर में नालों की सफाई का कार्य शुरू कराया है, लेकिन अभी भी समस्या बनी हुई है।