अवर अभियंताओं काम छोड़ धरना दिया
पीएफ घोटाले पर जताया आक्रोश, लोगों पर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दो दिन तक अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बाद अब विद्युत निगम के अवर अभियंताओं ने चार दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। बुधवार को विभिन्न उपकेंद्रों पर तैनात अवर अभियंता कार्य बहिष्कार के बाद अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और धरना दिया। इस दौरान अवर अभियंताओं ने पीएफ घोटाले में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले हुए धरना में मंडल अध्यक्ष इं.दीनानाथ मिश्र ने कहा कि विद्युत कर्मियों के जीवन भर की कमाई पीएफ घोटाले की भेंट चढ़ गई। सरकार को तत्काल इस मामले मेें हस्तक्षेप करते हुए दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही सरकार यह गारंटी ले कि विद्युत कर्मियों का पैसा नहीं डूबेगा। ऐसा नहीं किया गया तो विद्युत कर्मी आर-पार की लड़ाई लडे़ंगे। इं. धनंजय सिंह ने कहा कि सरकार पीएफ घोटाले पर बस बयानबाजी कर रही और दूसरे पर दोषारोपण करने में जुटी है। दूसरी तरफ हजारों कर्मियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीएफ घोटाले पर ठोस आश्वासन अविलंब प्रदान करें।
इस दौरान इं. अच्छेलाल, पीपी वर्मा, केएन राय, अशोक विश्वकर्मा, चंद्रभूषण गुप्त, मनोज श्रीवास्तव, सनीदेओल प्रताप, बृजेश गुप्त, अरूण गुप्त, मिथिलेश, वीपी सिंह, राम शरण, शाहिद अंसारी, बेचन प्रसाद, रत्नेश कुमार, राधेश्याम, केएम यादव, धर्मेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।