संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गर्मी और तेज हवा का असर आंखों पर पड़ रहा है। धूल व हल्की धुंध से लोग परेशान हैं। जिला अस्पताल और निजी नेत्र रोग विशेषज्ञों के क्लीनिक पर आंखों में खुजली, जलन, लालिमा और सूखापन की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। युवाओं में भी यह समस्या काफी देखी जा रही है।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानंद सिंह ने कहा कि गर्मी में आंखों की देखभाल न करने से छोटी समस्याएं भी बड़ी बीमारी का रूप ले सकती हैं। इसलिए सावधानियां बरतें और स्वस्थ आंखों के लिए चिकित्सकों की सलाह का पालन करें।
शहर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव अग्रवाल ने बताया कि गर्मी में आंखों की देखभाल अत्यंत जरूरी है। तेज धूप, पसीने की वजह से आंखों में जलन, खुजली और सूखापन की शिकायतें बढ़ रही हैं। कई लोग बिना सुरक्षा के धूप में निकल रहे हैं, जिससे आंखों को नुकसान पहुंच रहा है। समय-समय पर ठंडा पानी पीते रहें। आंखों को ठंडे पानी से धोना चाहिए। दोपहर की तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचना चाहिए। अच्छी क्वालिटी का यूवी प्रोटेक्शन वाला काला चश्मा लगाना चाहिए। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को आंखों पर बर्फ की सेंकाई करनी चाहिए, इससे तुरंत राहत मिलती है। यदि आंखाें में लगातार जलन, लालिमा, खुजली या धुंधलापन बना रहे तो तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। देर करने से समस्या गंभीर रूप ले सकती है।