संतकबीरनगर। साक्षर भारत कार्यक्रम से जुड़े प्रेरकों ने बुधवार को आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रेरकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगों पर गंभीरता पूवर्क विचार नहीं किया गया तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।
आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रामहित चौहान के नेतृत्व के प्रेरक पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में चिन्हित असाक्षरों को साक्षर करके साक्षरता दर में वृद्धि करते हुए निक्षरता जैसे कलंक को दूर करने का काम प्रेरक कर रहे हैं। इसके अलाव अन्य कार्य भी लिए जा रहे हैं। भारत सरकार प्रेरको को मात्र दो हजार रूपये मासिक मानदेय प्रदान कर रही हैं, जो किसी भी स्थिति में ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि 32 माह से प्रेरकों का मानदेय बकाया है। धरना-प्रदर्शन के बाद भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2017 के बाद प्रेरकों का क्या होगा, यह समझ में नहीं आ रहा है। यदि योजना समाप्त होती है तो प्रदेश के एक लाख प्रेरक बेरोजगार हो जाएंगे।
प्रदर्शन करने वालों में सुनील यादव, राम चरन विश्वकर्मा, अफरोज जहां, सुभाष मौर्य, उदय भान, योगे्श श्रीवास्तव, हनुमान प्रसाद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।