बैंक के चक्कर काटने के लिए हैं मजबूर, 30 दिसंबर है आवेदन की अंतिम तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। यूनियन बैंक की मेड़रापार शाखा की कार्यशैली से विद्यार्थी परेशान हैं। छात्रवृत्ति पाने के लिए विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना है। इसके लिए विद्यार्थी महीनों से बैंक के चक्कर काट रहे हैं।
शासन ने छात्रवृत्ति देने के लिए बैंक खाते का एनपीसीआई करना अनिवार्य किया है। विद्यार्थियों ने एनपीसीआई के लिए संबंधित बैंक में जरूरी कागजात महीने पूर्व ही जमा कर रखा है। छात्र रमेश, विपिन, दीपक, शशांक, मुकेश, विद्या ने बताया कि एनपीसीआई के लिए सभी जरूरी कागजात जमा कर रखा है। एक माह बीत जाने के बाद भी यूनियन बैंक मेंडरापार शाखा ने अभी तक उनके खातों को आधार से लिंक नहीं किया है। लिंक के लिए वे बैंक का चक्कर रोजाना काट रहे हैं, लेकिन बैंक कर्मी उनके कार्य को नहीं कर रहे हैं। छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है। इससे छात्रवृत्ति लटक जाएगी।
इस बाबत यूनियन बैंक शाखा प्रबंधक अरुण ने बताया कि विद्यार्थियों के खातों का एनपीसीआई तत्काल किया जा रहा है। इसके बाद भी यदि उन्हें दिक्कत आ रही है तो उसका भी निदान करा दिया जाएगा।