पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी नहीं सुलझी प्रियंका के मौत की गुत्थी
- 24 नवंबर को किशोरी की संदिग्ध हाल में हुई थी मौत
- परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया था
- मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मसिंहवा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी कटहा गांव की रहने वाली प्रियंका की मौत की गुत्थी नहीं सुलझी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर दिया है। अब बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही प्रियंका की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगा।
क्षेत्र के कटहा गांव निवासी 14 वर्षीय प्रियंका पुत्री परलोकी की 24 नवंबर को संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए ही अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर किशोरी के शव को दफना दिया था। इधर क्षेत्र में प्रियंका की मौत की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चा शुरू हुई तो घटना के 17 दिन बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने इस मामले में प्रधान, चौकीदार और प्रियंका के बड़े पिता से पूछताछ किया। मृतका के बड़े पिता त्रिलोकी की निशानदेही पर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस ने गांव से करीब 500 मीटर उत्तर बूढ़ी राप्ती नदी में दफन किए गए शव को खुदवाकर बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर शव मिलने से पहले ही मृतका का पिता घर छोड़कर फरार हो गया था। प्रभारी एसओ शोएब अहमद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व कर दिया है। अब बिसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा। उसके बाद इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी।