कोलकाता की घटना के विरोध में रविवार सुबह छह बजे तक ओपीडी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोलकाता की घटना के विरोध में शनिवार को जिले में प्राइवेट चिकित्सकों ने अस्पताल की ओपीडी बंद कर दिया। सुबह छह बजे से ओपीडी बंद रही और रविवार की सुबह छह बजे तक ओपीडी बंद रखेंगे। इस दौरान मरीज और तीमारदार को को नहीं देखा।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एसबी सिंह ने कहा कि कोलकाता में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या को लेकर देशभर में विरोध हो रहा है। यह निदंनीय घटना है। कहा कि डॉक्टर, विशेष रूप से महिलाएं, पेशे की प्रकृति के कारण हिंसा के प्रति अतिसंवेदनशील हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अस्पतालों और परिसरों के अंदर डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे डॉक्टर निर्भिक होकर कार्य कर सकें।
आईएमए के अध्यक्ष ने बताया कि जिले के सभी प्राइवेट अस्पतालों में ओपीडी ठप है, लेकिन इमरजेंसी चली है। रविवार की सुबह छह बजे तक ओपीडी ठप रहेगी। कोलकाता की घटना में जो भी दोषी हो उस पर कठोर कार्रवाई की जाए। विरोध में डॉ. एके चौधरी, डॉ विवेक खन्ना, डाॅ. एके श्रीवास्तव, डॉ शिखा श्रीवास्तव, डॉ. एमके चौधरी आदि ने अपने अस्पतालों में ओपीडी को बंद रखा।