धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के टुम्पार स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर काॅलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने थाने में तहरीर दिया है। आरोप है कि वित्तीय घपले में निलंबित प्रधानाचार्य जबरन विद्यालय में घुसकर गबन से संबंधित अभिलेख और रखे वित्त के पैसा को उठा ले जा रहे थे और एतराज करने पर अभद्रता की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में लाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर काॅलेज टुम्पार के कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजीव कुमार पुत्र महावीर ने लिखा है कि जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश पर वह कार्यवाहक के रूप में तैनात हुए है। संस्था के प्रधानाचार्य राजदेव तिवारी पुत्र श्याम नारायण तिवारी को 18 फरवरी 2025 को जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा वित्तीय अनियमित के आरोप में निलंबित कर दिया था। तहरीर के अनुसार 20 फरवरी को निलंबित प्रधानाचार्य राज देव तिवारी विद्यालय पहुंचे।
वित्तीय अनियमितता संबंधित अभिलेख व कूट रचित दस्तावेज को एक बोरा में भरकर एवं एक भूरे कलर का लिफाफा लेकर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने लिफाफा में पांच-छह लाख रुपये नकद भी देखा था। रोक कर बोर में भरे अभिलेख को उनके अलमारी में सुरक्षित रखाव दिया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य का आरोप है कि इस दौरान वित्त संबंधित पैसा को लेकर निलंबित प्रधानाचार्य भाग गए। उन्होंने वित्त से संबंधित ब्योरा भी पुलिस को दिया है।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजीव कुमार के अनुसार शनिवार को एक बार पुनः निलंबित प्रधानाचार्य राजदेव तिवारी एक अपरिचित व्यक्ति के साथ विद्यालय पर आ धमके। धमकी देते हुए उक्त अभिलेख को जबरन ले जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस को सूचना दी गईं। पुलिस की मौजूदगी में निलंबित प्रधानाचार्य जबरन उस कक्ष को खुलवाने लगे। जिसमें बोर्ड परीक्षा संबंधित अभिलेख रखे गए हैं। बार-बार खोलने का प्रयास किया जा रहा था। बोर्ड परीक्षा के दौरान निलंबित प्रधानाचार्य ने बाधा डालने की आशंका भी व्यक्त की है।
इस संबंध में निलंबित प्रधानाचार्य राजदेव तिवारी का पक्ष जानने के लिए उनसे बात करने की कई बार कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।