उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव के नेतृत्व में आठ सूत्री मांगों के समर्थन बुधवार को जूनियर हाईस्कूल में धरना दिया। धरने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ज्ञापन न लिए जाने से शिक्षक नाराज हो गए और जूनियर हाईस्कूल के सामने सड़क जाम कर दी। काफी देर तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो शिक्षक जुलूस निकाल कर बैंक चौराहा पहुंचे और वहां भी जाम लगाया। दोनों जगहों पर करीब आधे घंटे तक जाम रहा। जाम की सूचना में अपर एसडीएम मौके पर पहुंच गए और शिक्षकों को समझाया बुझाकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान शिक्षकों ने सीएम के नाम संबोधित अपनी आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीएम को दिया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की मांग कर रहे शिक्षकों पर सात दिसंबर को लखनऊ में बरबरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया। इसमें एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक शिक्षक के आश्रितों को नौकरी दी जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हर हाल में पुुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्त ने कहा कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों को कैश लेस की चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है जबकि प्रदेश के बेसिक शिक्षकों को इस सुविधा से वंचित करके सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। शिक्षकों को भी कैशलेस की सुविधा दी जाए। धरने को संरक्षक गंगा प्रसाद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय नाथ यादव, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, मंत्री जयराम वर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री जवाहर लाल गुप्त, रामनाथ यादव, शिवानंद मिश्र, जफीर अली करखी, शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष रणजीत राय, बृजेश चौधरी आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर सुयेब अहमद, अजय सिंह, लालचंद यादव, अजय सिंह, कृष्ण चंद सिंह, एबारत अली, मुरलीधर शर्मा, महेंद्र सिंह, रामसरन यादव, अब्दुर्रहीम, भूपेंद्र सिंह, हनुमान चौरसिया, ओम नारायण शुक्ल, राजू राय समेत अन्य मौजूद रहे।