पितृ पक्ष को लेकर खरीदारी करते लोग-संवाद
संतकबीरनगर। 26 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू हो रहा है। पितरों के तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध के लिए बाजार में सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है। इस बार श्राद्ध सामग्री के दाम बढ़ने से लोगों को पिछले वर्ष से अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
पीतल का लोटा पिछले वर्ष 400 रुपये में मिल रहा था, अब 550 रुपये का हो गया है। तांबे का लोटा भी 400 रुपये से बढ़कर 650 रुपये तक पहुंच गया है। पूजा सामग्री में चंदन की डिब्बी 20 से 40 रुपये हुई है। काला तिल 120 से 180 रुपये और जौ 45 से 50 रुपये किलो हो गया है। चावल 50 से 80 रुपये किलो तक बिक रहा है।
घी करीब 650 रुपये किलो और मखाना 1200 रुपये किलो तक मिल रहा है। पत्तल के दाम भी बढ़े हैं, 100 पत्तल अब 150 रुपये में मिल रही हैं। 25 दोने की गड्डी 20 से बढ़कर 40 रुपये और 100 चम्मच 80 से बढ़कर 100 रुपये में बिक रही हैं।
दुकानदारों के अनुसार, पितृ पक्ष शुरू हो गया है, जिसकी वजह से श्राद्ध सामग्री की मांग और बढ़ने की उम्मीद है। बर्तन विक्रेता राकेश कसौंधन ने बताया कि पीतल और तांबा के दाम काफी बढ़ गए हैं। इसलिए दुकानों पर अब हल्के वजन के बर्तन रखे जा रहे हैं।
किराना दुकानदार महेश ने बताया कि श्राद्ध में प्रयोग होने वाली सामग्री के दामों में दोगुनी तक बढ़ोतरी हुई है।