कलेक्ट्रेट में मतगणना के संबंध में डीएम ने विधानसभा चुनाव के प्रत्यािश्ायों के साथ मंगलवार को बैठक की और आवश्यक निर्देश दिए।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव में 11 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए मंगलवार को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ डीएम रमाकांत पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस दौरान मतगणना की तैयारियों के संबंध में जानकारी देने के साथ ही उनसे सहयोग पूर्ण रवैया अपनाने के साथ ही सुझाव भी मांगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीत के बाद प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकालेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि हीरा लाल राम निवास डिग्री कालेज खलीलाबाद में मतगणना कार्य 11 मार्च को सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगा। सर्वप्रथम पोस्टल बैलेट की गणना होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक विधान सभावार 14 टेबुल बनाए गए हैं। जिसमें एक टेबुल अलग से आरओ के लिए लगेगी। कंट्रोल यूनिट को दबा कर प्रत्याशीवार प्राप्त मतों को बताया जाएगा और उसका टेबुलेशन कर संबंधित आरओ के पास प्रस्तुत किया जाएगा।
मतगणना कक्ष में आब्जर्वर भी बैठेंगे। आब्जर्वर की सहायता के लिए प्रत्येक टेबुल पर एक-एक माइक्रो आब्जर्वर की लगेंगे। मतगणना के दौरान आब्जर्वर किसी भी दो ईवीएम की रैडम चेकिंग भी अपने इच्छानुसार कर सकेंगे। प्रत्येक विधानसभा में चक्र वार मतगणना होगी। मेंहदावल में 36 चक्र, खलीलाबाद में 35 चक्र तथा धनघटा में 30 चक्र में गणना समाप्त होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्याशी अपने एजेंट बनाने के लिए संबंधित आरओ से संपर्क करें। प्रत्याशी और उनके एजेंट मतगणना हाल में शांति बनाये रखने में सहयोग करें। गड़बड़ी फैलाने वाले इस बात का ध्यान रखें कि मतगणना के समय सीसीटीवी कैमरे का प्रयोग किया जाएगा।
अगर कोई व्यक्ति गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की तो जिला प्रशासन उसे शक्ति से निपटेगा। मतगणना कक्ष में मोबाइल का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस बात के सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रत्याशी द्वारा परिणाम प्राप्त होने के बाद जुलूस का आयोजन नही किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने बताया कि मतगणना कार्य में शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस की व्यवस्था की गई है।
कोई भी व्यक्ति अगर किसी तरह का ज्वलनशील पदार्थ या प्रतिबंधित समान ले जाते हुए पाया गया तो उसके साथ पुलिस के लोग कड़ाई के साथ पेश आएंगे। मतगणना स्थल के 100 मीटर की परिधि में किसी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूर्णरूप से प्रतिबंधित है। बैठक में एडीएम सत्येंद्र नाथ शुक्ल, एएसपी अशोक कुमार वर्मा, एसडीएम खलीलाबाद उमेश चंद्र निगम, एसडीएम मेंहदावल राहुल पांडेय, एसडीएम धनघटा कृतिका ज्योत्सना, अपर उपजिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी, लाल जी शुक्ल, प्रत्याशी आदि उपस्थित रहे।