मगहर। नगर पंचायत मगहर के मोहल्ला काजीपुर जोकहिया डीह बाबा स्थान के समीप वार्ड नंबर एक की सभासद सरिता देवी के आवास पर सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी द्वारा सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान परामर्शदाता डॉ. अजीत नाथ तिवारी ने जनसमूह को एड्स के प्रति जागरूक करते हुए विस्तृत रूप से जानकारी दी।
वहां पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि एचआईवी संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त चढ़ाने, संक्रमित सुई के प्रयोग एवं संक्रमित गर्भवती महिला से उसके होने वाले बच्चों को एचआईवी होने का खतरा बढ़ता है। ऐसे में यौन संबंध के समय संयम रखें तथा कंडोम का इस्तेमाल अवश्य करें। आवश्यकता पड़ने पर हमेशा सरकारी या लाइसेंसशुदा ब्लड बैंक से ही खून लें। सुई या सिरिंज को प्रयोग करने के बाद उसे नष्ट कर दें।
हर गर्भवती महिला को अपनी एचआईवी जांच अवश्य जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज के पीपीटीसीटी केंद्र में ही करवाना चाहिये। एचआईवी की मुफ्त जांच एवं परामर्श जिला अस्पताल पर उपलब्ध है।आगे बताया कि साथ बैठकर खाना खाने, गले लगाने, मरीज की देखभाल करने, हाथ मिलाने, मच्छर के काटने एवं एक ही शौचालय के प्रयोग से एचआईवी संक्रमण नहीं फैलता है। उन्होंने सभी लोगों से एचआईवी से संबंधित जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक साझा करने की अपील की है।
इस मौके पर पूर्व सभासद भोलू पासवान, सभासद सरिता देवी, आशा बहू कमलावती, रेखा देवी, बबिता यादव, मनीषा, जुनैद, श्यामलाल, शमीम, मोहम्मद वसीम, लतीफ आदि उपस्थित रहे।य