हीरालाल इंटर कॉलेज खलीलाबाद से परीक्षा केंद्रो पर प्रश्नपत्र भेजवाते जिला विद्यालय निरीक्षण मनम
- एचआर इंटर कॉलेज से डीआईओएस ने प्रश्नपत्रों का कराया वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिले में 95 परीक्षा केंद्रों पर 16 फरवरी से परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्टेटिक, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों को भेजा गया।
16 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा में 95 केंद्र बने हैं। इन केंद्रों पर कुल 58,183 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इसमें हाईस्कूल के 30,951 और इंटरमीडिएट के 27,223 परीक्षार्थी शामिल हैं। इस परीक्षा में कुल तीन जोनल, 13 सेक्टर व 95 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसके साथ ही छह सचल दल बना हुआ है।
सोमवार को एचआर इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया। डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने खुद इसकी निगरानी की। उन्होंने एक-एक केंद्र पर भेजे जाने वाले प्रश्नपत्रों के बंडल को चेक किया। डीआईओएस ने बताया कि कुल पांच रूट तय किए गए थे। बसों के जरिए पुलिस बल की निगरानी में प्रश्नपत्रों को भेजा गया है। सभी केेंद्रों पर प्रश्नपत्रों को डबल लॉक में रखवाया गया है।
इसके साथ ही केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को 24 घंटे तक सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। अगर कही भी सीसीटीवी कैमरे बंद पाया जाता है तो संबंधित केंद्र व्यवस्था पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।