संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होने में 44 दिन शेष हैं। परीक्षाओं के मद्देनजर विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी के बीच कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी।
जिले में 20 राजकीय, 34 सहायता प्राप्त और 250 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 28,213 और इंटरमीडिएट में 24,657 सहित 52,870 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य सभी विषयों का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञान और गृह विज्ञान की 30-30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत होंगी। विद्यालयों को आवश्यक उपकरण और प्रयोगशालाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा उनके अग्रसारण केंद्र के विद्यालय में कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराई जाएंगी। इसके लिए जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।