संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस बल को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाए। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सभी ड्यूटी कर्मियों को निर्धारित समय से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा के दौरान सक्रिय रहने वाले नकल माफियाओं और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
उच्चाधिकारियों ने सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, स्वाॅट टीम, साइबर सेल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और अन्य पुलिस बल को भी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर
परीक्षा के दौरान निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है। साइबर सेल को सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों एवं परीक्षा संबंधी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या नकल की कोशिश को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचें, निर्धारित नियमों का पालन करें तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।