संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरैया। धनघटा तहसील क्षेत्र के बसवारी गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर के पुनर्निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर का भव्य पुनर्निर्माण डेढ़ करोड़ रुपये से कराया जाएगा।
इसके लिए धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान की ओर से पहले ही 11 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। जबकि शेष निर्माण कार्य बाबा बैजनाथ सेवा ट्रस्ट, क्षेत्रीय जनता और आम जनमानस के सहयोग से पूरा कराया जाएगा। मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ 21 नवंबर को भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह के साथ होगा। इस धार्मिक आयोजन में काशी के राजगुरु मठ के पीठाधीश्वर अनंत विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अनंतानंद सरस्वती महाराज की उपस्थिति होगा। उनके सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा।
बाबा बैजूनाथ सेवा ट्रस्ट के सदस्य जितेंद्र राय उर्फ बिट्टू राय ने बताया कि मंदिर के भव्य पुनर्निर्माण के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान 11 लाख रुपये पहले ही दे चुके हैं। शेष धनराशि ट्रस्ट के सहयोग से तथा क्षेत्रीय जनता और आम जनमानस के आर्थिक सहयोग से जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा बैजनाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।
उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे से शाम चार बजे तक भजनमय संगीत कार्यक्रम से होगी। दोपहर 12:00 बजे से तीन बजे तक भूमि पूजन एवं शिलान्यास का कार्यक्रम होगा। इसके बाद शाम तीन बजे से प्रभु की इच्छा तक भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। बाबा बैजूनाथ सेवा ट्रस्ट ने समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों को 21 नवंबर को मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
ट्रस्ट की ओर से सभी से परिवार सहित पहुंचकर इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने तथा मंदिर निर्माण में यथासंभव सहयोग करने की अपील की गई है।ं