संतकबीरनगर। साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण और एनसीआरबी पोर्टल पर कार्यों में लापरवाही मिलने पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में बखिरा और धर्मसिंहवा थाने की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर एसपी ने दोनों थानों के साइबर प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच का आदेश दिया।
बैठक में एसपी ने सभी थानों के साइबर प्रभारियों और साइबर थाने के प्रभारी के साथ विभिन्न पोर्टल पर साइबर अपराधों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान एनसीआरबी पोर्टल पर दर्ज मामलों और उनके निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट देखी गई। बखिरा और धर्मसिंहवा थाने की स्थिति खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
एसपी ने सभी साइबर प्रभारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पोर्टल पर नियमित रूप से कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।