संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सेमरियावां क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान ने मंगलवार को एएसपी शशिभूषण सिंह को प्रार्थनापत्र देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। सेमरियांवा ब्लॉक के पुरवा गांव के ग्राम प्रधान मोहम्मद सईदुज्जमा ने बताया कि उसी के गांव के लोग प्रधानी के चुनाव को लेकर उनसे रंजिश रखते हैं। आए दिन आरोपी बिना वजह के मारपीट पर उतारू रहते हैं। दबंगई के बल पर रंगदारी की मांग करते हैं। इसके संबंध में दुधारा थाने में पूर्व में प्रार्थनापत्र दिया गया। आरोप है कि विपक्षियों ने सामुदायिक शौचालय के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। शिकायत से खार खाए दबंगों ने 11 नवंबर को लात-घूंसों, डंडों से मार-पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया। इससे उनका मनोबल बढ़ता चला गया। पांच जनवरी को वह अपने साथी इम्तियाज के साथ खलीलाबाद तहसील में तारीख देखने के लिए अपने घर से जा रहा था। विपक्षी ने उन्हें और उसके साथी को मुजहना ढाबा के पास अपने चार पहिया वाहन से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वे लोग जख्मी हो गए। इसकी सूचना थाना में देने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक शशि भूषण सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है। थाना दुधारा को प्रकरण की जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।