सीसीटीवी की निगरानी में होगी प्रयोगात्मक परीक्षा
21 से 28 जनवरी के बीच होगी, कैमरों का परीक्षण कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि घोषित हो चुकी है। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। परीक्षा 21 से शुरू होकर 28 जनवरी को समाप्त होगी। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी का परीक्षण कर उसे सही कराने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति आदि की सूचना बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से प्रधानाचार्यों को दी जाएगी। समस्त परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। उसकी संपूर्ण रिकार्डिंग डीवीआर में सुरक्षित रखनी होगी।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रोजेक्ट आधारित परीक्षा के अंक एवं नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा का ग्रेड तथा इंटरमीडिएट की नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा का प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य माध्यमिक शिक्षा परिषद की बेवसाइट पर 25 जनवरी तक अपलोड करेंगे। उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय में अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।