बुनकरों ने की फ्लैट रेट पर बिजली देने की मांग
बखिरा में हुई बैठक में मनरेगा से बुनकरों के जॉब कार्ड बनाने की भी मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा(संतकबीरनगर)। लेडुआ-महुआ में बुनकरों ने बैठक कर फ्लैट रेट से बिजली देने की मांग दोहराई है। पहली जुलाई से पूरे प्रदेश में बुनकरों का कारोबार ठप है। बैठक के दौरान बुनकरों ने फ्लैट रेट से बिजली देने, प्रति माह मानदेय, मनरेगा जॉब कार्ड समेत अन्य कई मांगों को उठाया है।
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश उपाध्यक्ष इशहाक अंसारी ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से पावरलूम का कारोबार ठप है। मांगों को लेकर एक जुलाई से गोरखपुर, मऊ, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, संतकबीरनगर समेत पूरे प्रदेश में बुनकरों का कारोबार एकदम से ठप है। इससे बुनकरों की आमदनी भी बंद है। जीविका के लिए पैसे नहीं है। बुनकर भुखमरी की हालत में है। ऐसी हालत में बुनकरों के काम में लगे हुए प्रत्येक परिवार को बारह हजार का अनुदान प्रति माह दिया जाए। शासन ने फ्लैट रेट से मिलने वाली बिजली व्यवस्था का बंद करके नई व्यवस्था लागू किया है। बुनकरों की दशा बदहाल है। उनके लिए फ्लैट रेट से बिजली बिल के भुगतान की पुरानी व्यवस्था बहाल किया जाए। दिहाड़ी काम करने वाले मजदूरों की माली हालत में सुधार के लिए मनरेगा जॉब कार्ड भी बनाया जाए।