बखिरा के बरईपार गांव में अधूरा पड़ा विद्युत सब स्टेशन।संवाद
संतकबीरनगर। जिला बुनकर बाहुल्य है। खासकर बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा, लेडुआ महुआ में बुनकरी का कारोबार होता है। बुनकरी का उद्योग सुचारु रूप से चले, इसके लिए बरईपार में स्वतंत्र फीडर स्थापित किया जाना है, लेकिन काम की रफ्तार काफी सुस्त है। निर्माण कार्य का निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी अब तक उपकेंद्र तैयार नहीं हो सका है। इससे बुनकरों को 24 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे बुनकरों को कारोबार में दिक्कत आ रही है।
बुनकरों को हैंडलूम चलाने के लिए पर्याप्त बिजली की जरूरत है, लेकिन नियमित रूप से बिजली आपूर्ति न मिलने के कारण उद्योग पर संकट बना हुआ है। इससे बुनकरों को कारोबार में दिक्कत आ रही है। इस समस्या को देखते हुए शासन ने बखिरा क्षेत्र के बुनकर बाहुल्य क्षेत्र को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए स्वतंत्र फीडर स्थापित करने की मंजूरी दी है। इसके लिए बरईपार में करीब छह करोड़ की लागत से विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने का कार्य चल रहा है।
यह कार्य मार्च में पूरा हो जाना था, लेकिन निर्धारित मियाद पूरी होने के बाद भी अब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि विद्युत सब स्टेशन पर कर्मचारियों के लिए भवन बन गया है और फीडर के कार्य भी हुए हैं, लेकिन अभी तक यहां ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है, जिसके कारण यह फीडर अब तक चालू नहीं हो सका है। वैसे क्षेत्र के लेड़ुआ महुआ, अमरडोभा आदि क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बुनकर हैंडलूम के कारोबार से जुड़े हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण इन्हें कारोबार में परेशानी आ रही है। क्षेत्र के बुनकर इसहाक अंसारी, समीउल्लाह आदि ने कहा कि यदि बरईपार में बन रहा स्वतंत्र फीडर शुरू हो जाए तो काफी हद तक समस्या से निजात मिल सकती है।
000000000000000000000
बरईपार में बुनकरों के लिए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का कार्य चल रहा है, जो अंतिम दौर में हैं। ट्रांसफाॅर्मर के लिए इंडेंट किया गया है। जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर लग जाएगा। इसके बाद इस फीडर को चालू करा दिया जाएगा। इससे बुनकरों को काफी राहत मिलेगी।
-सरोज कुमार, अधिशाषी अभियंता, मेंहदावल