लेडुआ-महुआ में आबादी के मध्य झुका बिजली का खम्बा जानलेवा बना। संवाद
बखिरा। नगर पंचायत बखिरा अध्यक्ष के घर के निकट एक बिजली का पोल झुका हुआ है। घनी आबादी में झुके हुए इस पोल से हमेशा लोगों की जान का खतरा बना हुआ है। शिकायत के बाद भी बिजली निगम के अधिकारी झुके हुए बिजली के पोल को ठीक करने के लिए किसी अनहोनी के इंतजार में हैं।
लेडुआ -महुआ के नौरो मोहल्ले में अध्यक्ष मोहम्मद आमिर का आवास है। उनके आवास से 20 मीटर की दूरी पर घनी आबादी में एक पुराना जंग लगा हुआ बिजली का पोल है। रमजान, नाजिर, मो. अताउल्लाह, रहीम, इशहाक, सदफ ने बताया कि दशकों पुराना जंग लगा हुआ यह पोल काफी जर्जर हो चुका है। तीन सालों से यह पोल झुका हुआ है। बिजली निगम के कर्मचारियों व अवर अभियंता से इसकी शिकायत की गई, किंतु निगम लगातार इसकी अनदेखी करता रहा। अभी एक वर्ष पूर्व पोल को सपोर्ट देने के लिए एक लोहे का टुकड़ा लगाया गया था, किंतु इससे पोल के खतरे को कम नहीं किया जा सका है। कभी भी यह पोल लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
घनी आबादी में होने से यह पोल आसपास के किसी भी घर पर कभी भी गिर सकता है। इस बाबत बिजली निगम के एसडीओ केएल यादव ने कहा कि मामले की जानकारी करके बिजली के पोल को ठीक करा दिया जाएगा।