शहर के छोटी सरौली में बास बल्ली के सहारे हो रही बिजली की सप्लाई।संवाद
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल में बिजली व्यवस्था जैसे-तैसे चल रही है। लटकते जर्जर तार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कस्बे के अंदर कई वार्डों में विद्युत तार काफी नीचे हो गए हैं, जिससे जहां आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं कस्बे के लोगों के लिए भी खतरनाक बन गए हैं।
मेंहदावल नगर पंचायत में विद्युत तार जमीन से मात्र कुछ मीटर ऊपर हैं। यह लटकते तार लोगों के लिए काफी खतरनाक साबित हो रहे हैं। विद्युत आपूर्ति के दौरान लटकते तारों से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नगर पंचायत के बर्तनहिया में सतह की तरफ तार लटके हुए हैं। यहां के निवासी मोनू गुप्ता, नन्हे लाल, प्रभाकर, मनोज, संतराम अग्रहरि आदि ने कहा कि लटकते तार जानलेवा साबित हो रहे हैं। दुकानों पर आने वाले ग्राहक भी आने-जाने में असुरक्षित महसूस करते हैं। लटकते तारों के कारण काफी दिक्कत हो रही है। खासकर तब स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब खंभे पर बंदर चढ़ कर उछल कूद करते हैं। विद्युत तार पूरी तरह से जमीन की तरफ लटककर राहगीरों के लिए भी मुसीबत बन गए हैं। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता हैं।
लोगों ने विद्युत निगम से लटकते तारों की समस्या को दूर करने की मांग की है। अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि नगर के कई वार्ड में विद्युत तार सतह की तरफ लटक रहे हैं, जिसका मुख्य कारण सड़क की पटरियों पर लोगों द्वारा पोल न लगाने देना है। लटकते तारों के बीच पोल लगाकर इसे दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।