कभी भी ठप हो सकती है बिजली आपूर्ति
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर व आसपास के ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति कभी भी बंद हो सकती है। वजह फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली निगम के गोदाम में सामान ही नहीं है। तार व इंसुलेटर भी नहीं है। फाल्ट आने पर कर्मचारी जुगाड़ से काम चला रहे हैं। यदि मेन लाइन में थोड़ी दिक्कत आ गई तो सप्लाई कई घंटों तक बाधित हो सकती है।
बिजली आपूर्ति को निर्वाध बनाए रखने के लिए निगम की तरफ से खलीलाबाद उपकेंद्र स्थित गोदाम में तार, इंसुलेटर, स्टे रॉड आदि रखने का इंतजाम किया है। प्राकृतिक आपदा या किसी हादसे के दौरान अगर कहीं सप्लाई टूटती है तो स्टोर से तुरंत जरूरी सामान मिल जाता है। सामान्य परिस्थिति में भी फाल्ट या किसी अन्य उपकरण के खराब होने पर तत्काल स्टोर से जरूरी सामान लेकर गड़बड़ी दूर करा दी जाती है, लेकिन खलीलाबाद के स्टोर में पिछले तीन महीने से एल्युमीनियम के तार व केबल, इंसुलेटर आदि जरूरी सामान नहीं हैं। कहीं एक भी इंसुलेटर खराब हो जाए तो उस पूरी लाइन की सप्लाई ठप हो जाएगी। इसी तरह अगर कहीं पोल तिरछा हो जाए तो उसे सीधा रखने के लिए जरूरी स्टे रॉड नहीं है। विद्युत निगम के अफसर फाल्ट होने पर तुरंत ठीक करने का आदेश तो देते हैं, लेकिन सामान की अनुपलब्धता के मुद्दे पर सब चुप्पी साध जाते हैं। लाइनमैनों की पीड़ा यह है कि अगर फाल्ट ठीक होने में देरी होती है तो उपभोक्ता लापरवाही का आरोप लगाते हैं और अफसर भी डांट फटकार लगाते हैं, जब सामान उपलब्ध कराने की बारी आती है तो सब चुप्पी साध जाते हैं। ऐसे में लाइनमैनों दोनों तरफ से पिसते हैं।