धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के गौरी राई वार्ड में हाईटेंशन लाइन का विद्युत पोल गिरने से शुक्रवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित है। करीब 48 घंटे से बिजली नहीं मिलने के कारण वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने में विभागीय कर्मचारी जुटे हैं। वहीं, पोल बदलने के लिए नए पोल के आने का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के बाद क्षेत्र में कई जगह विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विभागीय कर्मचारी अन्य स्थानों पर आई विद्युत बाधाओं को दूर करने में लगे हैं। गौरी राई वार्ड में गिरे पोल को बदलने के लिए नए पोल की जरूरत है। पोल उपलब्ध होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
वार्ड निवासी पंकज निषाद, रामचंद्र विश्वकर्मा, मोहम्मद हुसैन, दीनानाथ और श्रीनिवास गुप्ता समेत अन्य लोगों ने बताया कि भारी बारिश से जनजीवन पहले ही प्रभावित था। अब करीब दो दिन से बिजली नहीं मिलने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। मौसम में गर्मी बढ़ने लगी है। ऐसे में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों को और दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
अवर अभियंता गंगेश्वर राय ने बताया कि विद्युत कर्मचारी युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। गौरी राई वार्ड में गिरे पोल को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही विद्युत समस्या का समाधान कर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।