संतकबीरनगर। शहर में बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मरों के लगातार हीट होने से बिजली संकट गहरा रहा है। इसको देखते हुए विद्युत निगम उपभोक्ताओं को राहत देने की कवायद में जुट गया है। इसके तहत गोला बाजार में नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया है। इससे लोगों को राहत मिली है। इधर, शहर में बिजली गुल होने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
शहर के गोलाबाजार में लगा ट्रांसफार्मर हीट होने के कारण जल गया था, कई दिनों से विद्युत निगम मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति जारी रखने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही थी। इस बीच सोमवार को विद्युत निगम ने पुराने ट्रांसफाॅर्मर की जगह 623 केवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत मिली।
दूसरी तरफ अन्य क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। शहर के अंसार टोला, सरौली आदि क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही बनी रही। इस बीच मगहर फीडर से जुड़े गांवों में करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। इसके कारण उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशान होना पड़ा। बिजली न रहने के कारण पंखा, कूलर बेकार हो गए। हाथ के बने पंखे के सहारे लोगों को दिन गुजारनी पड़ी। इस क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निचौरा, धवरिया, सहसरावमाफी, नहसापार, चकदही आदि क्षेत्रों के लोगों को बिजली न रहने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। क्षेत्र के उपभोक्ता धर्मेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार आदि ने कहा भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से परेशानी बढ़ जा रही है। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जहां पर ट्रांसफाॅर्मर खराब हो रहे, उन्हें बदला जा रहा है। इसके साथ ही ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
केएन शुक्ला, एसडीओ खलीलाबाद