संतकबीरनगर। जिले में सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए आगामी 15 जून तक डेडलाइन है। मानसून के भी शीघ्र आने का अनुमान है, लेकिन अभी तक सड़कों के गड्ढों को भरे जाने का काम नहीं हुआ है। बरसात का मौसम शुरू होने के बाद इन सड़कों की मरम्मत का कार्य हो पाना संभव नहीं होगा, ऐसे में लोगों का सफर और भी मुश्किल भरा हो जाएगा।
वर्तमान में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इसमें शहर के विधियानी मोड से लेकर रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क और बैंक चौराहा से बंजरिया होने वाली सड़क भी शामिल है।
इसके साथ ही मंझरिया से गड़सरपार, बनकटवा होकर कटका जाने वाली सड़क, सरौली से राजकीय महिला महाविद्यालय मार्ग आदि शामिल है।
यह सड़कें पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। गिट्टियां उखड़कर बिखरी पड़ी हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि वाहन गुजरते समय एक तरफ झुक जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती रहती है। इसके बाद भी सड़कों को अभी तक गड्ढा मुक्त नहीं किया गया है, जबकि शासन का निर्देश है कि 15 जून से पहले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करा दिया जाए, ताकि लोगों को सफर में होने वाली दुश्वारियों से राहत मिल सके।
खलीलाबाद के निवासी राम शंकर, विनोद कुमार, बनकटवा निवासी संदीप कुमार आदि ने कहा कि मानसून आने से पूर्व सड़कों की मरम्मत कराया जाना आवश्यक है। ऐसा नहीं किया गया तो जब बरसात का मौसम शुरू होगा तो सड़कों की मरम्मत करा पाना संभव नहीं होगा। जिससे लोगों की मुसीबत और बढ़ जाएगी।