संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में खूनी संघर्ष में रामकेश और प्रहलाद की मौत के बाद रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर दिनभर गहमागहमी रही। दोनों मृतकों के परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ जुटी रही।
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे और स्थिति पर नजर बनाए रहे।
रविवार सुबह करीब 11:00 बजे से ही पोस्टमार्टम हाउस पर परिजन, रिश्तेदारों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर करीब दो बजे जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजय गुप्ता और डॉ. विजय दुबे के पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम शुरू किया। गोली और भाले से चोट लगने की आशंका के चलते चिकित्सकों ने जांच में विशेष सावधानी बरती। चर्चा रही कि पोस्टमार्टम के दौरान दोनों शवों का दो बार एक्सरे कराया गया।
इसके अलावा रेडियोलॉजिस्ट से भी चिकित्सकों ने परामर्श लिया। करीब आठ घंटे तक चली प्रक्रिया रात 10:00 बजे तक पूरी हो सकी। इस दौरान परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते रहे। पोस्टमार्टम हाउस पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ ट्रैफिक अमित कुमार और एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम त्रिपाठी मौजूद रहे।