सेमरियावां। पीएम मातृत्व वंदन योजना का पोर्टल पिछले एक माह से बंद है। इस वजह से गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में वह योजनाओं के लाभ से वंचित हो रही हैं। इस संबंध में अधिकारी भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग के जरिए संचालित प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 5000 की धनराशि पंजीकृत खातों में दी जाती है। एक माह से इस योजना के पोर्टल का सर्वर बंद है। योजना के लाभार्थियों का आवेदन का पीएमएमवीवाई पोर्टल पर 26 मार्च से ही नहीं भरा जा रहा है, जिसके चलते सीएचसी सेमरियावां पर करीब 135 गर्भवती व धात्री महिलाएं इस योजना का लाभ पाने से वंचित हैं।
पोर्टल शुरू कराने के लिए कोई प्रयास अभी तक विभाग के जरिए नहीं किए गए हैं। विभाग के ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी परेशान हैं। लाभार्थियों का दबाव है कि उनका आवेदन पोर्टल पर भरा जाए, ताकि उन्हें लाभ मिल सके। लाभार्थी अतिया, सरिता, आसणा, शीला आदि आवेदकों के फार्म सीएचसी में धूल फांक रहे हैं। सीएचसी पटल सहायक व डाटा इंट्री ऑपरेटर अबुल कलाम ने बताया कि पोर्टल बंद होने से परेशानी है। आवेदन नहीं हो पा रहा है। लाभार्थी रोज आकर आवेदन के बारे में जानकारी करते हैं। पोर्टल जल्द ही ठीक होने की उम्मीद है।