ऑडिट करने गई टीम के सामने प्रदर्शन
- पारा हरगोविंद गांव से बैरंग लौटी सोशल ऑडिट की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। पौली ब्लॉक के पारा हरगोविंद गांव में सोमवार को सोशल ऑडिट के दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जिससे ऑडिट टीम बैरंग वापस लौट गई। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग किया।
पौली ब्लॉक में वर्ष 2018-19 में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने का काम इन दिनों सोशल ऑडिट टीम कर रही है। सोमवार को पारा हरगोविंद में ऑडिट के दौरान जब ऑडिटर राम जानकी मार्ग से बेल्दारी जोत गांव तक मिट्टी कार्य और गांव में इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने की बात कहे तो गांव के लोग काम नहीं होना बताया। वहीं प्रधान पक्ष के लोग काम होने की बात कह रहे थे। मामला बढ़ता देख ऑडिट टीम वापस लौट गई। गांव की सुकंदा देवी, संगीता, उर्मिला देवी, सदानंद, रामदीन, रामदास आदि लोग प्रदर्शन करके गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराए जाने की मांग की। दूसरी तरफ प्रधान प्रतिनिधि सूरज ने गांव के लोगों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि गांव में कुुल वर्ष 2018-19 में 11 परियोजनाओं पर कार्य कराया गया है। सोशल ऑडिट करने गई टीम के अखिलेश शर्मा का कहना है कि ऑडिट पूरी करके टीम वहां से आई है। उन्हें किसी तरह के प्रदर्शन की जानकारी नहीं है।