बघौली के करैली गांव मेें मंगलवार को डीएम डॉ. सरोज कुमार ने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
- फोटो : अमर उजाला
खलीलाबाद में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान हैंडपंप, नलकूपों की खराबी, राशन और पेंशन न मिलने की शिकायतों की भरमार रही।
डीएम डॉ. सरोज कुमार को गजपुर गांव निवासी मनोज सिंह ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी भाभी आशा देवी को सीएचसी खलीलाबाद पर 14 अप्रैल को बेटा पैदा हुआ। सरकारी एंबुलेंस से बच्चे और मां को घर भेजा गया। दो दिन बाद बच्चा रो रहा था। जिसे खलीलाबाद के एक प्राइवेट चिकित्सक के वहां दिखाया। डॉक्टर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया।
बाद में बच्चे की तबीयत बिगड़ गई तो उसे सीएचसी खलीलाबाद पर दिखाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्राइवेट चिकित्सक ने पूछताछ करने पर गाली गलौज दिया और धमकी दी। पुलिस को तहरीर देकर पर भी कार्रवाई नहीं की गई। गोडही के प्रधान अखिलेश चौधरी ने नलकूप खराब होने की शिकायत की। इसके साथ ही हैंडपंप, नलकूपों की खराबी और पेंशन न मिलने की शिकायतों की भरमार रही।
इस दौरान डीएम ने कहा कि तहसील दिवस की शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाए। यदि कहीं सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत मिलती है तो वहां पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम जाएगी। डीएम ने अधिशासी अभियंता नलकूप को तालाबों में पानी भरवाने का निर्देश दिया। बताया गया कि 136 तालाबों में पानी भरवा दिया गया है।
डीएम ने उसकी सूची उपलब्ध कराते हुए यदि कोई तालाब सूखा हो तो उसमें पानी अवश्य भरवाए जाने पर जोर दिया। इस दौरान 80 मामले आए, जिसमें से छह मामलों का निस्तारण हुआ। इस दौरान एसपी शैलेष कुमार पांडेय, सीडीओ लाल जी यादव ,एडीएम के पी यादव, पीडी अनिल पांडेय, एसडीएम सतीश मणि और सीओ आरके सिंह आदि उपस्थित रहे। इसी तरह मेंहदावल और धनघटा में भी एसडीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ। मेंहदावल में 60 मामले आए और किसी का भी निस्तारण नहीं हुआ।